Skip to main content

कहना खुदा के साथ संगत करना था





पुरानी झील का पानी हवा से इत्तेफाक रख रही थी। छोटी छोटी नावों में बैठे जोड़े हौले हौले पैडल मार रहे थे। मुहाने पर बांस को ज़वान होता पेड़ था। थोड़ी सी हवा लगने पर ही खिलखिला कर हंसा करता। एक डाली लरज कर पानी में गिर आई थी। जब हवा तेज़ चलती पानी से डाॅल्फिन की तरह निकलती और पास के बोट में बैठे जोड़े पर छींटा मार उसका स्वागत करती। बांस का पेड़ उभयचर बन गया था। जैसे मेंढ़क, मगर और कछुआ होता है। जल और ज़मीन दोनों पर रहने वाला। थोड़ा ऊपर अड़हुल का छोटा सा पौधा था। लेकिन कहने भर को छोटा। हुस्न टूट कर बरसा है उस पर। पत्तों से ज्यादा फूल खिले हैं। सुर्ख। हवा तेज़ होती। सब आपस में लड़ने लगते। ऐसा भी लगता जैसे किसी ने चुटकुला सुनाया हो और हँस हँस कर पेट दर्द हो रहा हो। कई बार ऐसा भी लगता एक ही घने पेड़ में ख्वाहिशों भरी कई कई पतंग फंसे हों। गोया पूरा नज़ारा ही ईश्क से फल फूल रहा हो। 

और किले के ऊपरी खिड़की पर जहां से पूरा आसमान दिखता है और नीचे से सिर्फ खिड़की देखो तो एक आसमान का एक टुकड़ा दिखता है। एक संगत बैठती है। कुछ हस्सास तो कुछ कद्रदान की मंडली। शायर से पेशकश की जाती है। बहुत मान मनौव्वल के बाद वादी ताकते शायर के होंठ मटर की छीमियों से फटते हैं। होना तो नज़्म चाहिए था लेकिन मुआ शेर पढ़ता है। पढ़ने का अंदाज़ यों जुदा कि दो लाइन के एक शेर नाटक के तीन अंक में ढ़ल जाते। आसपास कई नौजवान फसाने बैठे थे जिन्हें कुछ समझाने की जद्दोजहद नहीं होनी थी।

मिसरे के पहले दो लफ्ज़ फसाने को बुलंद करते हुए वालिद की पालते पोषते से दिखते। साथ ही इनमें मुहब्बत, यार की गली, वस्ल, हिज्र, हस्सास लम्हें, दर्द के साज़, याद की रोशन शम्मा जलती हुई दिलचस्प रास्तों की ओर जाने का इशारा भी होता। शुरूआती महज़ दो लफ्ज़ एक बुनियाद भी होती और अपनी अपनी तरह से मंजिल पहुंचने की चाहत भी। लेकिन शायर को अपनी कहनी थी अपने बहाने सबकी कहनी थी। कहना कम में था लेकिन सबका  ज्यादा कहना था। यह कहन पूरी जिंदगी, इश्क और एहसासात को जी लेने के बाद दिल के दरवाज़ों और खिड़की से निकलना था। जो खिड़की से निकलती वो घुटन का कहन होता। जो दरवाजों से निकलता वो सबके जीने की हक में दुआ होती।

शायर की कोशिश होती कि ग़ालिब, मीर, अदम, फि़राक, फैज़, जोश, मजाज़, जाफ़री वगैरह को पढ़ने के बाद जो शेर कही जाए वो एहसास का लिहाफ ओढ़े हालात, इंसानी मनोभाव और उसमें अपना एटिट्यूड भी समेटा जाए। शेर कहना बिछी हुई बिसात पर खुदा के साथ संगत करना था। कभी सजदा करना था तो कभी जुगलबंदी। कभी उसे चुनौती भी देना था।

पहली लाइन पूरी होती दूसरे को अधूरे पर बार-बार दोहराता। लोग तब तक जुड़ चुके होते। शायर तब कोई देवदूत या आवामी नेता लगने लगता। साथी पूरी रोचकता से सुनते और आखिर तुरूप का पत्ता फेंक दिया जाता। नाटक के तीनों अंक - आरंभ, मध्य और अंत संपन्न होते। 

हमजुबां मिले तो शायर फट पड़ा। एक के बाद एक कई तीर छोड़े गए। कमोबेश सभी निशाने पर लगे। दर्दमंद यार-दोस्त मदमस्त हो गए। ढ़लती शाम के साए में पेचीदगीयों बादल जम कर आसान हो बरसे। पूरा शहर नहा उठा।

मैं भी उन्हीं यारों में से था। वहां से गुज़रते हुए जब ऊपर किले की खुली खिड़की देखता हूं तो एक टुकड़ा जुदा आसमान दिख्ता है। उस शाम की याद आज भी आती है। आंख बरबस सुख के आंसू से गीली हो जाती है। 

Comments

  1. जो आदमी के परे जाता है, ईश्वर का हो जाता है।

    ReplyDelete
  2. कभी गई तो नहीं वहाँ पर जाने क्यूँ लगता है इस पुरानी झील से कोई पुरानी जान पहचान है... वहीं झील किनारे बैठ के किसी शाम एक शायर से कुछ नज़्में सुनने कि ख़्वाहिश है... देखिये हमारे आसमां का वो टुकड़ा कब नसीब हो.....!

    ReplyDelete
  3. sundar bhaavpoorn lekh...!

    ***punam***
    bas yun...hi..
    tumhare liye...

    ReplyDelete

Post a Comment

Post a 'Comment'

Popular posts from this blog

कुछ खयाल

चाय के कप से भाप उठ रही है। एक गर्म गर्म तरल मिश्रण जो अभी अभी केतली से उतार कर इस कप में छानी गई है, यह एक प्रतीक्षा है, अकुलाहट है और मिलन भी। गले लगने से ठीक पहले की कसमसाहट। वे बातें जो कई गुनाहों को पीछे छोड़ कर भी हम कर जाते हैं। हमारे हस्ताक्षर हमेशा अस्पष्ट होते हैं जिन्हें हर कोई नहीं पढ़ सकता। जो इक्के दुक्के पढ़ सकते हैं वे जानते हैं कि हम उम्र और इस सामान्य जीवन से परे हैं। कई जगहों पर हम छूट गए हुए होते हैं। दरअसल हम कहीं कोई सामान नहीं भूलते, सामान की शक्ल में अपनी कुछ पहचान छोड़ आते हैं। इस रूप में हम न जाने कितनी बार और कहां कहां छूटते हैं। इन्हीं छूटी हुई चीज़ों के बारे में जब हम याद करते हैं तो हमें एक फीका सा बेस्वाद अफसोस हमें हर बार संघनित कर जाता है। तब हमें हमारी उम्र याद आती है। गांव का एक कमरे की याद आती है और हमारा रूप उसी कमरे की दीवार सा लगता है, जिस कमरे में बार बार चूल्हा जला है और दीवारों के माथे पर धुंए की हल्की काली परत फैल फैल कर और फैल गई है। कहीं कहीं एक सामान से दूसरे सामान के बीच मकड़ी का महीन महीन जाला भी दिखता है जो इसी ख्याल की तरह रह रह की हिलता हुआ...

मूक सिनेमा का दौर

दादा साहब फालके की फिल्में की सफलता को देखकर कुछ अन्य रचनात्मक कलाकारों में भी हलचल मचने लगी थी। 1913 से 1918 तक फिल्म निर्माण सम्बंधी गतिविधियां   महाराष्ट्र   तक ही सीमित थी। इसी दौरान कलकत्ता में   हीरालाल सेन और जमशेद जी मदन   भी फिल्म निर्माण में सक्रिय हुए। फालके की फिल्में जमशेद जी मदन के स्वामित्व वाले सिनेमाघरों में   प्रदर्शित   होकर खूब कमाई कर रही थीं। इसलिए जमशेद जी मदन इस उधेड़बुन में थे कि किस प्रकार वे फिल्में बनाकर अपने ही थिएटरों में   प्रदर्शित   करें। 1919 में जमशेदजी मदन को कामयाबी मिली जब उनके द्वारा निर्मित और रूस्तमजी धेतीवाला द्वारा   निर्देशित   फिल्म ' बिल्म मंगल '   तैयार हुई। बंगाल की पूरी लम्बाई की इस पहली कथा फिल्म का पहला   प्रदर्शन   नवम्बर , 1919 में हुआ।   जमदेश जी मदन ( 1856-1923) को भारत में व्यावसायिक सिनेमा की नींव रखने का श्रेय दिया जाता है।   वे एलफिंस्टन नाटक मण्डली के नाटकों में अभिनय करते थे और बाद में उन्होंने सिनेमाघर निर्माण की तरफ रूख किया। 1907 में उन्होंने  ...

विलंबित ताल

हर ताल विलंबित है। हर कदम लेट है। कदम के रूप में एक पैर उठता है तो दूसरी ज़मीन पर रखने की दर लेट है। पेड़ों के पत्ते एक बार जब झूम कर बांए से दाएं जाते हैं तो उनका फिर से दांए से बांयी ओर जाना लेट है। आदमी घर से निकलने वाला था पर लेट है। स्टेशन से गाड़ी खुलने में लेट है। बहुत मामले रूके पड़े हैं और उनपर कार्यवाई लेट है। दफ्तर में टेबल से फाइलों का सरकना रूका है। चमत्कार होना रूका हुआ है। प्रेम होना तक मुल्तवी है। की जा रही प्रतीक्षा भी होल्ड पर है। बारिश रूकी हुई है। जाम से शहर रूका हुआ है। गाए जाने वाला गीत भी जुबां पर रूका है। किसी से कुछ कहना रूका है। किसी से झगड़ लेने की इच्छा रूकी है। किसी के लिए गाली भी हलक में रूकी हुई है। बाप से बहस करना रूक गया है। मां को घर छोड़कर भाग जाने की धमकी भी पिछले कुछ महीनों से नहीं दी गई है। लिखना रूका है। पढ़ना ठप्प है। जीना रूका पड़ा है। पेड़ों पर के पत्ते रूके हुए हैं। आसमान में चांद रूक गया है। किसी का फोन पर हैलो बोलकर रूकना, रूक गया है। कुछ हो रहा है तो उसका एहसास होना रूक गया है। सिगरेट जल्दी खत्म होना रूक गया है। बारिश अपने ब...