Skip to main content

शॉट डीविज़न


डॉक्टर ने कहा है कि तुम्हारे शरीर में डब्ल्यू. बी. सी. (white blood cells) की कमी हो गई है और इसकी कमी से शरीर में रोग प्रतिरोधक घटती है। बिस्तर पर पड़े पड़े और रम के सोहबत में सारा दिन जो कुछ इस ख्याल से गुज़रा वो यूं है कि बेहिसाब तनहाई  है। इसे काटने के लिए क्या कुछ नहीं किया। कई अलग अलग वाली टेस्ट वाली सिनेमा देखने की कोशिश की, इसी तर्ज पर कई किताबों में सर दिया। मगर मैं इतना स्वार्थी हूं कि सब कुछ ताक पर रखकर इन चीज़ों में नहीं खो सकता। बिस्तर पर बैठे बैठे और मूड खुश रहे तो सब जंचता है मगर कई बार जो ख्याल दिल में है मन उससे नहीं उबर पाता।

मैं खुश रहने के लिए काम नहीं करता। न काम करके खुश होता हूं। काम करता हूं इसलिए कि अपने दिन के 12 घंटे काट सकूं। कई बार उमग कर, हुलस कर और कई बार मजबूर होकर फोन उठाया। बुखार में जब कमज़ोरी से कमर टूट रही हो तो क्या संभाला जाए ? जीभ पर जब कोई स्वाद न लगता हो, होंठ बार बार खुश्क हो जाते हों, और उसे लपलपाई जीभ से बार बार गीला करना पड़े और कई लोगों ने लगभग मिन्नत करना पड़ जाए कि 'प्लीज़ मुझसे एक मिनट बात कर लो'।

जी में कई तरह का ख्याल हो आया। जैसे कि मैं एक औरत हूं, अस्पताल के बेड पर पड़ी हूं और कई सारे बच्चों को छोड़कर जा रही हूं। बच्चे जोकि अभी इस उम्र के हैं जो समझते नहीं कि मरना क्या होता है, सो वो मेरे सामने मुझसे बेखब खेल रहे हैं, अपने भाई बहनों से झगड़ रहे हैं, मेरे पास उनको देने के लिए कोई संदेश नहीं है, क्योंकि इसका कोई मतलब नहीं है।

कुछ बार ऐसा लगा कि जैसे गला और जीभ जैसे किसी चीज़ की प्यासी है। लगा कि हवा में अभी इस पल कुछ है जो पी ली जाए। रजाई ओढ़ ली। थोड़ी ही देर में पसीने से नहा उठा। स्पंज वाले तकिए से पसीना यूं चूने लगा जैसे बाल्टी भर पानी में डूबाकर निकाला हो। लगा शरीर जैसे किसी देह की प्यासी है। फिर तो तांडव ही होने लगा। इस ख्याल से ही पसीने की मात्रा तिगुनी हो गई। सांसे गर्म होकर ब्लोअर बन गई। आग के भभके से निकलने लगे। मन जैसे यह सोच बैठा कि होंठ किसी केले के थम्ब जैसी चिकनी जांघों पर फिसल रहा हो। अंगारों के थक्के उड़ने लगे। हम पीसने में कागज़ की मानिंद गल रहे थे। लगता था जैसे वजूद पर कोई बिना स्टाम्प का टिकट लगा जो अब खुद-ब-खुद लिफाफे से टिकट को अगला देगा। उसकी पीठ जैसे नदी थी और मैं उसमें सुनहरी मछली खोज रहा था। उसने मेरे सीने पर की पसीने की बूंदें पी ली। मैंने उसके माथे पर के पसीने को चखा। लगा जैसे पसीने की ही प्यास थी।

जिंदगी का कास्ट डायरेक्टर बुरा होते हुए भी अच्छा है। मूल्यांकन का तराजू वाला न्याय की तरह अंधा है। अपनी जिंदगी का शॉट डीविज़न करता हूं तो पाता हूं बहुत मिसकास्टिंग है मगर एक तुम्हारे नाम का वज़न रख दिया जाता है तो पलड़ा इस ओर झुक आता है। मिट्टी के चूल्हे पर सिंके हुए राख की सौंधी महक आती गोल-गोल रोटी की तरह।

Comments

  1. और मुझसे एक दोस्त ने फोन पर पूछा कि प्यार क्या होता है? कलम में ज़ोर नहीं है तुम्हारे जो कह न बयां न कर सको एहसासों को.... लिखना भावुक काम नहीं निर्दयता का काम है। तुमने सुना तो होगा एक समुद्री डाकू के बारे में....

    मैं की हुई खून की ताज़ा उल्टी को हाजि़र नाजि़र जान कह रहा हूं यही होता है - प्यार।

    ReplyDelete
  2. बहुत शुक्रिया राहुल सिंह जी.

    ReplyDelete
  3. जीवन को आनन्द मान कर जियें या दुख का अम्बार मान कर, जीना तो पड़ेगा ही। आत्महन्ता मनोवृत्ति कभी नहीं सुहायी है, बार बार स्वयं से फूट कर बाहर निकल आने की इच्छा होती है।

    ReplyDelete

Post a Comment

Post a 'Comment'

Popular posts from this blog

कुछ खयाल

चाय के कप से भाप उठ रही है। एक गर्म गर्म तरल मिश्रण जो अभी अभी केतली से उतार कर इस कप में छानी गई है, यह एक प्रतीक्षा है, अकुलाहट है और मिलन भी। गले लगने से ठीक पहले की कसमसाहट। वे बातें जो कई गुनाहों को पीछे छोड़ कर भी हम कर जाते हैं। हमारे हस्ताक्षर हमेशा अस्पष्ट होते हैं जिन्हें हर कोई नहीं पढ़ सकता। जो इक्के दुक्के पढ़ सकते हैं वे जानते हैं कि हम उम्र और इस सामान्य जीवन से परे हैं। कई जगहों पर हम छूट गए हुए होते हैं। दरअसल हम कहीं कोई सामान नहीं भूलते, सामान की शक्ल में अपनी कुछ पहचान छोड़ आते हैं। इस रूप में हम न जाने कितनी बार और कहां कहां छूटते हैं। इन्हीं छूटी हुई चीज़ों के बारे में जब हम याद करते हैं तो हमें एक फीका सा बेस्वाद अफसोस हमें हर बार संघनित कर जाता है। तब हमें हमारी उम्र याद आती है। गांव का एक कमरे की याद आती है और हमारा रूप उसी कमरे की दीवार सा लगता है, जिस कमरे में बार बार चूल्हा जला है और दीवारों के माथे पर धुंए की हल्की काली परत फैल फैल कर और फैल गई है। कहीं कहीं एक सामान से दूसरे सामान के बीच मकड़ी का महीन महीन जाला भी दिखता है जो इसी ख्याल की तरह रह रह की हिलता हुआ...

विलंबित ताल

हर ताल विलंबित है। हर कदम लेट है। कदम के रूप में एक पैर उठता है तो दूसरी ज़मीन पर रखने की दर लेट है। पेड़ों के पत्ते एक बार जब झूम कर बांए से दाएं जाते हैं तो उनका फिर से दांए से बांयी ओर जाना लेट है। आदमी घर से निकलने वाला था पर लेट है। स्टेशन से गाड़ी खुलने में लेट है। बहुत मामले रूके पड़े हैं और उनपर कार्यवाई लेट है। दफ्तर में टेबल से फाइलों का सरकना रूका है। चमत्कार होना रूका हुआ है। प्रेम होना तक मुल्तवी है। की जा रही प्रतीक्षा भी होल्ड पर है। बारिश रूकी हुई है। जाम से शहर रूका हुआ है। गाए जाने वाला गीत भी जुबां पर रूका है। किसी से कुछ कहना रूका है। किसी से झगड़ लेने की इच्छा रूकी है। किसी के लिए गाली भी हलक में रूकी हुई है। बाप से बहस करना रूक गया है। मां को घर छोड़कर भाग जाने की धमकी भी पिछले कुछ महीनों से नहीं दी गई है। लिखना रूका है। पढ़ना ठप्प है। जीना रूका पड़ा है। पेड़ों पर के पत्ते रूके हुए हैं। आसमान में चांद रूक गया है। किसी का फोन पर हैलो बोलकर रूकना, रूक गया है। कुछ हो रहा है तो उसका एहसास होना रूक गया है। सिगरेट जल्दी खत्म होना रूक गया है। बारिश अपने ब...

आँखों में कैद चंद मंज़र

दृश्य -1 एग्जामिनेशन होल में, किसी सवाल का जवाब सोचते हुए कनपटी से पसीने की एक धारा फूटती है... टप! कान के नीचे गिरती है. सवाल बदल जाता है. "गर्मी से निकली पसीने की बूँद ठंढी क्यों होती हैं?" दृश्य -2 बेरोजगारों ने बेंचों पर मां-बहन की गालियाँ लिख कर खुन्नस निकाली है... गिनता हूँ 1-2-3-4-... उफ्फ्फ ! अनगिनत हैं दोनों तरफ... बाहर गांधी मैदान में, 'बहन जी' की रैली है... हर खम्भे पर हाथी है. दृश्य -3 "तुम्हारी कंवारी पीठ पर के रोयें हिरन जैसे सुनहरे हैं" अगली बेंच पर बैठी श्वेता को जब मैं यह कहता हूँ तो वो दुपट्टे का पर्दा दोनों कांधों पर खींच लेती है. कभी फुर्सत में तुम्हें  "एक सौ सोलह चाँद की रातें, एक तुम्हारे काँधे का तिल" का मतलब समझाऊंगा... मैं सोचता हूँ. दृश्य -4 बाहर निकलता हूँ...आसमान में मटमैले बादल छाए हैं... गंगा शहरवालों से उकताकर तीन किलोमीटर पीछे चली गयी है. मैंने इतनी परती ज़मीन बरसों बाद देखी है... मुझे गुमां होता है कि मैं राजा अशोक हूँ और हवा मेरे कान में कहती है " बादशाह! यह पाटलिपुत्र की सरज़मीन आपकी हुकूमत का हिस्...