Skip to main content

गौरी, मन चकरघिन्नी सा नाचे है रे!

गौरी (गौरीशंकर) मन चकरघिन्नी सा नाचे है रे। तू ही बता न ऐसे में मैं क्या करूं। काकी चूं चूं करती है। काकी बक बक करती है। कुत्ता भौं भौं करता है। भाभी की मुनिया भें भें रोती है। खुद भाभी भी घूंघट काढ़े भुन भुन करती रहती है। सचदेवा पिंगिल पढ़ता है। कठफोड़वा टक टक करता है। देहरी पर बंधी बकरी चकर चकर खाती रहती है, टप टप भेनारी गिराती रहती है और में में किए रहती है। अउर ऊ जो गईया है का नाम रखे हैं उसका कक्का दिन भर मों मों किए जाती है। हमको मरने के बाद बैतरनी का का जरूरत ? इसी हर हर कच कच में जिन्दे बैकुंठ है। आदमी तो आदमी जनावर तक सुरियाए रहता है।

भोर हुआ नहीं, पंछी बोला नहीं, अजान पड़ा नहीं, घरिघंट बजा नहीं, रत्ना ओसरा बुहारी नहीं, सुधीर घोड़ा वाला खाना चना गुड़ अंटी में दाब के दौड़ने निकला नहीं कि भर हंडी भात परोस दो बूढ़ा को। भकोस कर हम पर एहसान करेंगे। और उस पर भी मिनट दू मिनट सुई टसका नहीं कि सुनो रमायन। हमारा पेट गुड़ गुड़ करता है। मन हद मद करता है। चित्त थर थर करता है। बैठल ठमा बूढ़ा मौगी जेकां कथय छै।

बीनी से हांक रही गित्तु। गौरिया पर साल पारे गए कटहल के अचार संग गर्म भात मिलाकर कंठ के पास रखे जा रहा है। हर तरह से बहुत भूखा है गौरी। गित्तु की खबर कई साल से नहीं थी। उसका चेहरा कितना बदला, ससुराल कैसा मिला। अमरपुर से कल्हे सांझ को टमटम लिया था, एक थान कपड़ा बगल में दबाए। खाली हाथ कैसे आता न, बचपन की दोस्त जो ठहरी गित्तु। एक ही बात समझ में आया गौरी को कि गित्तु को चैन नहीं है। वह तसल्ली से उससे कहीं अकेले में उससे बात करना चाहता है। घर वाले मोहलत नहीं देते। गित्तु अकच्छ है। घिरनी की तरह नाचती रहती है।

गौरिया को अपने ऊपर ग्लानि होती है। मेरी वजह से सबके उलाहने सुन रही है गित्तु। नहीं ही आता तो क्या हो जाता? गित्तु है कि कुछ खिलाकर भेजना चाहती है, थाली तैयार था जिसमें दो फक्का अचार था और एक पुराने स्टील के लोटे में पानी। वैसे तो आंगन में हर कदम पर पैर से पीढ़ा टकराता है लेकिन समय पर पीढ़ा नहीं मिलता। गौरी संज्ञान लेता है, गित्तु घबराती है तो और भी ज्यादा बोलने लगती है। अपना उतावलापन छिपा रही है या ग्लानि। इस एक पंद्रह बीस मिनट में क्या कुछ कर लेना चाहती है? हमारे बीच यही पंद्रह बीस मिनट हैं और हमें इसी मिनट में सबकुछ हल कर लेना चाहिए।

नहीं समझती गित्तु। ससुराल में मेहमानवाजी की इज्जत बचाने पर तुली हुई है। नहीं ही मिलता पीढ़ा तो अपना पूजा करने वाला आसन ही दे देती है बैठने को।

तू कभी और नहीं आ सकता था ? इस बार तो रहने दे लेकिन फिर आएगा न? देख तेरे लिए कुछ कर भी नहीं सकी। मकई कटने का समय है न, सब खेत में उलझे हैं। बब्बू ट्यूशन गया है, सात बजे तक लौटेगा। है तो ट्यूशन ही पर कोचिंग जैसा पढ़ाता है मास्टर। अभी क्या बजा होगा? बीनी झुलाते गर्दन उचकाते हुए देखती है गित्तु। धूप  भंसा घर के खपरैल को पार कर रही है। सवा पांच बजा है। अब दिन भी लंबा........

गर्म गर्म भात और अचार का मसाला! एक तेज़ जलन उठती है गौरी को। आंखों में पानी आ जाता है। किसलिए गीली हुई ये आंखें? किसके लिए? अचार के झांस के बहाने थोड़ा रो लेता है, उसकी हाल पर। आंख चुराकर देखता है गित्तु को। उफ। कितने बहाने! बड़ बड़ करने की आड़ में जाने क्या क्या बोले जा रही है।

'आज रात रूक जाता गौरी।'
एक अनचाही सी मिन्नती जिसमें न रूकने की आस छुपी है। बचपन का दोस्त है, ताड़ लेता है गौरी भी। रेलवे में ए सी मेन्टेनर का रिजल्ट नहीं आया, इलाहाबाद परीक्षा में इंटरव्यू में छंट गया, भुवनेश्वर रेलवे में गु्रप-डी का फाइनल रिजल्ट आने ही वाला है। कहने को अभी तक बस इंतज़ार है, निठल्ला है, रूक सकता है, लेकिन रूकने से सवाल पर ही कौर निगलने से पहले ही ऐसा उत्तेजित होकर जवाब देता है - 'उन्....उन्....उन्नहूं, कल सुबह ही दीदी इंटरसीटी से बेगुसराय जा रही है। फिर साढ़े दस बजे बाबूजी के साथ गौरीपुर बैंक जाना है, पैसा निकालने। वहां से भागलपुर, खतौनी का रसीद कटाने अमीन से मिलना है। कित्ते तो काम हैं गित्तु! और फिर मकई कटने का मौसम वहां भी तो है....'

आंखें फिर एक पल को मिलती है। जैसे चार चोर नज़र मिलते हैं। पंखा झलना एक पल के लिए रूकता है फिर बातों में आई धीमेपन दुगनी तेज़ गति से चल पड़ता है। गौरी भी अपने कंठ में अकट गया निवाले को पानी के एक लंबे घूंट से नीचे ठेल देता है।

खाना हो गया। गौरी हाथ धोकर हवा में हाथ झाड़कर उसे सुखा रहा है। तब तक धोकर रखे गए कपड़े गित्तु रस्सी पर पसार रही है। उसे लगता है कि यह क्या है जो एक कोने से दूसरे कोने तक खुले आंगन में खिंचा हुआ है जिसपर अलग अलग नाप के कपड़े सूखते हैं, बारिश में भीगते हैं और धूप खाते हैं!

गित्तु मुस्कुराती आंखों से गौरी को देखती है, अब नहीं दे सकती हाथ पोंछने के लिए उसे अपना दुपट्टा। सिर्फ इतना कहती है- 'आंचल से अब गौरी पूजते हैं, रोज़।'

यह क्या बोल दिया उसने। अचानक में बोले गए वाक्य कितना सच हो आया है। सुनकर गौरी को टीस मिली खुशी महसूस हुई है। वह तिलमिला सा उठा है। जीभ बाहर कर लंबी लंबी सांस ले अंदर की लहर निकालता है।
विदा लेने का समय आ गया। कुछ बातें समझीं हुई, कुछ समझाई। कुछ बातें तमाम खुलेपन के बावजूद वर्जित। कुछ पर चुप रहना बेहतर। कुछ सवाल हत्या के प्रतिक्रियास्वरूप हैरानी भरी आंखों से ताकती हैं। कई सवालों का जवाब नहीं मिला है। जबकि मिलना जवाब के लिए ही हुआ था।

स्टील की छोटी प्लेट में मेहमान को चार लौंग, दो इलाइची, चार मिसरी, एक जनेऊ और कम से कम ग्यारह रूपया देकर विदा करने का रिवाज़ है। दोस्ती थोड़ा सा रिवाज़ निभाता है बहुत सा रिवाज़ तोड़ता हुआ बुझी आंखों से गित्तु को देखता हुआ बस इलाइची लिए निकल पड़ता है।

मुंह फेर कर आगे बढ़ आए गौरी को कच्चा रास्ता सूनी पगडंडी सा जान पड़ता है। लगता है वे गित्तु की आंखें हैं जिसमें वो अपना होकर भी गैर होकर चल पड़ा है। भुरभुरे ईंटों की गली से निकलते गौरी के मन में सांझ ढ़ले किसी आंगन से उठती लोकगीत सुनाई देती है -

सरसों के कली सिय जोत महान हे तीसी फूल
रंग दुलहा सोहान हे तीसी फूल
उगल चार चार चांद हे तीसी फूल
मोर सजना महान हे तीसी फूल

एक आवाज़ और उसमें आ मिलती है - गौरी, मन चकरघिन्नी सा नाचता है रे, तू ही बता न मैं क्या करूं?
वह तेज़ी से पीछे मुड़कर देखता है। गली का मोड़ तो कब का खत्म हो चुका है।

Comments

  1. सुनो रे, अब एक ठो उपन्यास लिख ही दो. भिटनी भिटनी पोस्ट केतना लिखोगे?

    ReplyDelete
    Replies
    1. गे बिलाय, कत्ते त बात छय. और केना कहियो.

      कहीं खोज न रेणु के लिखल 'संवदिया'.

      Delete
    2. http://books.google.co.in/books?id=zwKeNzNg2Q4C&pg=PA248&lpg=PA248&dq=%E0%A4%B8%E0%A4%82%E0%A4%B5%E0%A4%A6%E0%A4%BF%E0%A4%AF%E0%A4%BE+%E0%A4%95%E0%A4%B9%E0%A4%BE%E0%A4%A8%E0%A5%80&source=bl&ots=bOIDDJDcMj&sig=JJFLVPBvJJ-wgk6BPOnMCxWWQIE&hl=en&sa=X&ei=U0I9UuSpBILBrAfov4CADw&ved=0CH4Q6AEwCQ#v=onepage&q=%E0%A4%B8%E0%A4%82%E0%A4%B5%E0%A4%A6%E0%A4%BF%E0%A4%AF%E0%A4%BE%20%E0%A4%95%E0%A4%B9%E0%A4%BE%E0%A4%A8%E0%A5%80&f=false

      page- 248

      Delete

Post a Comment

Post a 'Comment'

Popular posts from this blog

कुछ खयाल

चाय के कप से भाप उठ रही है। एक गर्म गर्म तरल मिश्रण जो अभी अभी केतली से उतार कर इस कप में छानी गई है, यह एक प्रतीक्षा है, अकुलाहट है और मिलन भी। गले लगने से ठीक पहले की कसमसाहट। वे बातें जो कई गुनाहों को पीछे छोड़ कर भी हम कर जाते हैं। हमारे हस्ताक्षर हमेशा अस्पष्ट होते हैं जिन्हें हर कोई नहीं पढ़ सकता। जो इक्के दुक्के पढ़ सकते हैं वे जानते हैं कि हम उम्र और इस सामान्य जीवन से परे हैं। कई जगहों पर हम छूट गए हुए होते हैं। दरअसल हम कहीं कोई सामान नहीं भूलते, सामान की शक्ल में अपनी कुछ पहचान छोड़ आते हैं। इस रूप में हम न जाने कितनी बार और कहां कहां छूटते हैं। इन्हीं छूटी हुई चीज़ों के बारे में जब हम याद करते हैं तो हमें एक फीका सा बेस्वाद अफसोस हमें हर बार संघनित कर जाता है। तब हमें हमारी उम्र याद आती है। गांव का एक कमरे की याद आती है और हमारा रूप उसी कमरे की दीवार सा लगता है, जिस कमरे में बार बार चूल्हा जला है और दीवारों के माथे पर धुंए की हल्की काली परत फैल फैल कर और फैल गई है। कहीं कहीं एक सामान से दूसरे सामान के बीच मकड़ी का महीन महीन जाला भी दिखता है जो इसी ख्याल की तरह रह रह की हिलता हुआ...

विलंबित ताल

हर ताल विलंबित है। हर कदम लेट है। कदम के रूप में एक पैर उठता है तो दूसरी ज़मीन पर रखने की दर लेट है। पेड़ों के पत्ते एक बार जब झूम कर बांए से दाएं जाते हैं तो उनका फिर से दांए से बांयी ओर जाना लेट है। आदमी घर से निकलने वाला था पर लेट है। स्टेशन से गाड़ी खुलने में लेट है। बहुत मामले रूके पड़े हैं और उनपर कार्यवाई लेट है। दफ्तर में टेबल से फाइलों का सरकना रूका है। चमत्कार होना रूका हुआ है। प्रेम होना तक मुल्तवी है। की जा रही प्रतीक्षा भी होल्ड पर है। बारिश रूकी हुई है। जाम से शहर रूका हुआ है। गाए जाने वाला गीत भी जुबां पर रूका है। किसी से कुछ कहना रूका है। किसी से झगड़ लेने की इच्छा रूकी है। किसी के लिए गाली भी हलक में रूकी हुई है। बाप से बहस करना रूक गया है। मां को घर छोड़कर भाग जाने की धमकी भी पिछले कुछ महीनों से नहीं दी गई है। लिखना रूका है। पढ़ना ठप्प है। जीना रूका पड़ा है। पेड़ों पर के पत्ते रूके हुए हैं। आसमान में चांद रूक गया है। किसी का फोन पर हैलो बोलकर रूकना, रूक गया है। कुछ हो रहा है तो उसका एहसास होना रूक गया है। सिगरेट जल्दी खत्म होना रूक गया है। बारिश अपने ब...

आँखों में कैद चंद मंज़र

दृश्य -1 एग्जामिनेशन होल में, किसी सवाल का जवाब सोचते हुए कनपटी से पसीने की एक धारा फूटती है... टप! कान के नीचे गिरती है. सवाल बदल जाता है. "गर्मी से निकली पसीने की बूँद ठंढी क्यों होती हैं?" दृश्य -2 बेरोजगारों ने बेंचों पर मां-बहन की गालियाँ लिख कर खुन्नस निकाली है... गिनता हूँ 1-2-3-4-... उफ्फ्फ ! अनगिनत हैं दोनों तरफ... बाहर गांधी मैदान में, 'बहन जी' की रैली है... हर खम्भे पर हाथी है. दृश्य -3 "तुम्हारी कंवारी पीठ पर के रोयें हिरन जैसे सुनहरे हैं" अगली बेंच पर बैठी श्वेता को जब मैं यह कहता हूँ तो वो दुपट्टे का पर्दा दोनों कांधों पर खींच लेती है. कभी फुर्सत में तुम्हें  "एक सौ सोलह चाँद की रातें, एक तुम्हारे काँधे का तिल" का मतलब समझाऊंगा... मैं सोचता हूँ. दृश्य -4 बाहर निकलता हूँ...आसमान में मटमैले बादल छाए हैं... गंगा शहरवालों से उकताकर तीन किलोमीटर पीछे चली गयी है. मैंने इतनी परती ज़मीन बरसों बाद देखी है... मुझे गुमां होता है कि मैं राजा अशोक हूँ और हवा मेरे कान में कहती है " बादशाह! यह पाटलिपुत्र की सरज़मीन आपकी हुकूमत का हिस्...