Skip to main content

देखता, दिखाता भी



देखता, देखना चाहता था, थोडा सा अब भी देखना चाहता हूँ और दिखाता भी. 

चौड़े पलग पर तुम्हारी सर के हर कोने को खोल कर देखता. सभी नसों की हरकतों को देखता. प्रयोगशाला में तरह-तरह से जांच कर देखता, किसी स्टूडियो में तत्क्षण तुम्हारी प्रतिक्रिया की ऑडियो तरगों का ग्राफ देखता, किसी काठ की कुर्सी पर करेंट लगते जिस्म के काठ हो जाने की हद तक कठुवाए से तुम्हारे चेहरे को देखता और साइकाईट्रिस्ट की तरह नोट करता अपनी मन की डायरी में ... कोई चिप ही लगा कर हर जिस्मो-जां में उठते हर तरंगों को जानने की कोशिश करता... देखता.

देखता कि माथे की नसें कैसी फटती हैं. देखता कि दुर्गापूजा के भव्य पांडाल से कैसे कोई गली गंधाते, बजबजाते पिशाब वाली गली में भी खुलती है.... देखता और एक दफा दिखता भी तुम्हारे वादे के चंद चुनिन्दा शब्दों को... ब्रह्माण्ड से खिंच लाता कहीं टिके ''मैं तुमसे प्यार करती हूँ'' और ''मैं तुम्हें कभी कहीं छोड़ कर नहीं जाउंगी'' जैसे अति साधारण और बेमतलब, बेगैरत जुमले... दिखाता कि यह जुमले शब्द की तर्ज़ पर कैसे खरे हैं और ब्रह्माण्ड के निर्वात में कहीं जस के तस कैसे बेशर्मी से गड़े हैं... जबकि इन्हें भी तुम्हारी तरह मेरी जिंदगी से गुम हो जाने चाहिए थे...  लेकिन अगले ही पल उन पर तरस आता है जैसे सातवीं का विद्यार्थी अपनी गलती को महसूस कर चुकने के बाद सर झुकाए डांट खा रहा है. ..... यह दिखाता.

देखता, किसी जादू टोने करने वाले की तरह तुम्हारा माथा छूता, भरम रचता, दर्द ठीक करने वाले की तरह फिर एक और बोझिल रहने वाला सा दर्द दे देता, यकायक छोड़ कर पीछे हट जाता और अपने त्योरियों पर के जुटाए झुर्रियों को इकठ्ठा कर कुटिल मुस्कान से देखता... फिर हँसता, तुम्हारे चेहरे से तुम्हारी जिंदगी कि बस्ती में लगे आग को देखकर अट्टहास करता... उस जलती बस्ती में फूस के घरों को लहकते देखते, हाथ - हाथ भर बड़े टुकड़े को कालिख में लिपा- पुता  गिरता देखता... तापता भी ..... फिर यह भी दिखाता.

साबित करने से ठीक पहले किसी ऐन मौके पर बोलना बंद कर देता. इस तरह एक और भार देता. मुक्त कर भी तुम्हें ताउम्र उसी भंवर में जकड़े रखता. 

फिर देखता....       
..... दिखाता भी.

तुमको, तुम्हारी सहेलियों को, तुम्हारे भाइ-भौजाइयों को, बलवाइयों को 
और कसाइयों को.

Comments

  1. मन में विचारों की रपटीली धार, बस सरकते जायें, बचने का प्रयास चुटहिल कर देगा।

    ReplyDelete
  2. लाजवाब...प्रशंशा के लिए उपयुक्त कद्दावर शब्द कहीं से मिल गए तो दुबारा आता हूँ...अभी मेरी डिक्शनरी के सारे शब्द तो बौने लग रहे हैं...
    वाह...

    ReplyDelete
  3. मैं आपके लेखन की तरगों का ग्राफ देखता....बस्स!

    ReplyDelete

Post a Comment

Post a 'Comment'

Popular posts from this blog

कुछ खयाल

चाय के कप से भाप उठ रही है। एक गर्म गर्म तरल मिश्रण जो अभी अभी केतली से उतार कर इस कप में छानी गई है, यह एक प्रतीक्षा है, अकुलाहट है और मिलन भी। गले लगने से ठीक पहले की कसमसाहट। वे बातें जो कई गुनाहों को पीछे छोड़ कर भी हम कर जाते हैं। हमारे हस्ताक्षर हमेशा अस्पष्ट होते हैं जिन्हें हर कोई नहीं पढ़ सकता। जो इक्के दुक्के पढ़ सकते हैं वे जानते हैं कि हम उम्र और इस सामान्य जीवन से परे हैं। कई जगहों पर हम छूट गए हुए होते हैं। दरअसल हम कहीं कोई सामान नहीं भूलते, सामान की शक्ल में अपनी कुछ पहचान छोड़ आते हैं। इस रूप में हम न जाने कितनी बार और कहां कहां छूटते हैं। इन्हीं छूटी हुई चीज़ों के बारे में जब हम याद करते हैं तो हमें एक फीका सा बेस्वाद अफसोस हमें हर बार संघनित कर जाता है। तब हमें हमारी उम्र याद आती है। गांव का एक कमरे की याद आती है और हमारा रूप उसी कमरे की दीवार सा लगता है, जिस कमरे में बार बार चूल्हा जला है और दीवारों के माथे पर धुंए की हल्की काली परत फैल फैल कर और फैल गई है। कहीं कहीं एक सामान से दूसरे सामान के बीच मकड़ी का महीन महीन जाला भी दिखता है जो इसी ख्याल की तरह रह रह की हिलता हुआ...

विलंबित ताल

हर ताल विलंबित है। हर कदम लेट है। कदम के रूप में एक पैर उठता है तो दूसरी ज़मीन पर रखने की दर लेट है। पेड़ों के पत्ते एक बार जब झूम कर बांए से दाएं जाते हैं तो उनका फिर से दांए से बांयी ओर जाना लेट है। आदमी घर से निकलने वाला था पर लेट है। स्टेशन से गाड़ी खुलने में लेट है। बहुत मामले रूके पड़े हैं और उनपर कार्यवाई लेट है। दफ्तर में टेबल से फाइलों का सरकना रूका है। चमत्कार होना रूका हुआ है। प्रेम होना तक मुल्तवी है। की जा रही प्रतीक्षा भी होल्ड पर है। बारिश रूकी हुई है। जाम से शहर रूका हुआ है। गाए जाने वाला गीत भी जुबां पर रूका है। किसी से कुछ कहना रूका है। किसी से झगड़ लेने की इच्छा रूकी है। किसी के लिए गाली भी हलक में रूकी हुई है। बाप से बहस करना रूक गया है। मां को घर छोड़कर भाग जाने की धमकी भी पिछले कुछ महीनों से नहीं दी गई है। लिखना रूका है। पढ़ना ठप्प है। जीना रूका पड़ा है। पेड़ों पर के पत्ते रूके हुए हैं। आसमान में चांद रूक गया है। किसी का फोन पर हैलो बोलकर रूकना, रूक गया है। कुछ हो रहा है तो उसका एहसास होना रूक गया है। सिगरेट जल्दी खत्म होना रूक गया है। बारिश अपने ब...

आँखों में कैद चंद मंज़र

दृश्य -1 एग्जामिनेशन होल में, किसी सवाल का जवाब सोचते हुए कनपटी से पसीने की एक धारा फूटती है... टप! कान के नीचे गिरती है. सवाल बदल जाता है. "गर्मी से निकली पसीने की बूँद ठंढी क्यों होती हैं?" दृश्य -2 बेरोजगारों ने बेंचों पर मां-बहन की गालियाँ लिख कर खुन्नस निकाली है... गिनता हूँ 1-2-3-4-... उफ्फ्फ ! अनगिनत हैं दोनों तरफ... बाहर गांधी मैदान में, 'बहन जी' की रैली है... हर खम्भे पर हाथी है. दृश्य -3 "तुम्हारी कंवारी पीठ पर के रोयें हिरन जैसे सुनहरे हैं" अगली बेंच पर बैठी श्वेता को जब मैं यह कहता हूँ तो वो दुपट्टे का पर्दा दोनों कांधों पर खींच लेती है. कभी फुर्सत में तुम्हें  "एक सौ सोलह चाँद की रातें, एक तुम्हारे काँधे का तिल" का मतलब समझाऊंगा... मैं सोचता हूँ. दृश्य -4 बाहर निकलता हूँ...आसमान में मटमैले बादल छाए हैं... गंगा शहरवालों से उकताकर तीन किलोमीटर पीछे चली गयी है. मैंने इतनी परती ज़मीन बरसों बाद देखी है... मुझे गुमां होता है कि मैं राजा अशोक हूँ और हवा मेरे कान में कहती है " बादशाह! यह पाटलिपुत्र की सरज़मीन आपकी हुकूमत का हिस्...