Skip to main content

सम्मन जारी किया गया





पुराने किले से सदा आती है। हवा उन दीवारों को छूते हुए आती है, किसी घुमावदार सुरंग तो तय करती। हवा इनमें जब भी घुसती या निकलती है मानो को काई अजगर पैठ या निकल रहा हो। बहुत सारा वज़न लिए। मुहाने पर निगरानी करता नीम का पेड़ बारिश का पानी पी कर मदमस्त हो चला है। तने ऐसे सूजे हैं जैसे किसी नींद में एक पुष्ठ छाती वाली  औरत लेटी हो जिसके बच्चे ने उसका ब्लाउज सरका दूध मन भर पिया हो। 

xxxxx

पीपल के पत्ते की तरह नज़र आते हैं कुछ लोग। अपनी जगह पर हिलते, हवा के चलने पर सरसराते। हवा कोई खबर लिए पेड़ में घुसती है और तने को पनघट मान सारे पत्ते एक दूसरे से सटकर वो खबर सुनने गुनने लगते हैं। ये बड़े क्षणिक पत्ते हैं। जीते जागते हुए भी एक मरियल हथेली से। अपनी जड़ों से तुरंत उखड़ आने वाले। एक दिखावटी टा टा करता, हिलता कोई हाथ। पलट कर देखो तो ऐसा ही लगे कि किसी अपने की तलाश में पराए घर में आया था। मेहमान होते हुए खुद खर्च किया और जाते वक्त पूरा घर लाज लिहाज के मारे हाथ रूख्स्त कर रहा हो। 

xxxxx

एक दयनीय सी स्थिति यह है कि हमारे चारो ओर दलदल है, पीठ के नीचे कांटे हैं, दिमाग में रेंगता कोई तलाश है और तलवों मे लगती गुदगुदी है। अपने अंधकार में खुद को एडजस्ट करने की कला खोज रहे हैं हम। कभी कुछ पढ़ा है, कभी कुछ देखा है और थोड़ा सा सुख कभी भोगा है। ये मेले में हीलियम की गुब्बारों के लिए तलवे उठाते बच्चों की तरह जिद करते हैं। 

xxxxx

अमीर और गरीब लोगों के बीच एक बड़ा बारीक सा फर्क यह है कि अमीर के घर कोई काम नहीं रूकता। चार महीने की बिना तनख्वाह पाया ट्यूशन मास्टर देखता है कि कैसे दीवारों के बीच नया दीवार सेट किया जाता है। पुरानी टी.वी. के जगह फ्लैट टी.वी. कैसे रिप्लेस होता है। दशहरे पर नए डिजायनदार कपड़े लिए जाते हैं। बड़ा बेटा  फोन पर ट्रेवल एजेंट से मुंबई की फ्लाइट की टिकट के लिए बहस करता है। इसके उलट गरीब के घर में एक काम के बदले सारी चीज रोकी जाती है। अगर स्कूल का फीस भरना है तो सुबह का एक पाव दूध रोकना होगा, लकडि़यां ज्यादा चीरनी होगी और रात को बाप का डिक्लोज करना कि आजकल नींद नहीं आती सो कल से काम के बाद चार किलोमीटर पैदल चल लिया जाए तो अच्छी थकान हो जाएगी।

xxxxx

सफेद, बहुत साफ कमरा। दूधिया ट्यूब लाइट की रोशनी में नहाया हुआ। उज्जवलता दिमाग के किसी कोने में विंड चाइम्स सा बजा रहा है। क्रिसमस के पेड़, बड़े बेमौसम, सुस्ताई पत्तियां नीम बेहोशी में.... फूलझाड़ू के हल्के बुहार की तरह। और कोने में नया लगता कोई जाला जिसकी अभी बस शुरूआत भर ही हो। अगर किसी ने अपने गर्लफ्रेंड को बचपन से बड़े होते देखा हो तो उसके बगलों पर उगता हुआ बाल जैसा... बेहद चिकना, नर्म और मुलायम, हल्के काले-सुनहले बाल, संगमरमर की सफेदी के बीच.... आखिरकार एक लोभ संवरण।

xxxxx

हथेलियां रगड़ो, कोई तसल्ली दिलाओ मुझे।

(डायरी- अंश)

Comments

  1. काम कहीं नहीं रुकते हैं, इच्छायें रुकने लगती हैं।

    ReplyDelete
  2. सीलन भरे कमरों में उठा कर लाये धूप के ये टुकड़े हथेलियाँ गर्म कर रहे हैं..कई बार एक सुरसुरी सी दौड़ गयी...बातें स्तब्धता से ही शुरू करके स्तब्धता पे ख़त्म कर देते हो..:)

    ReplyDelete
  3. रात के बारह बज के छ मिनट हुये हैं ...एग्जेक्टली! पोस्ट पढ़ी, और अभी-अभी तुम्हें काल किया| शायद सो रहे हो| फोन नहीं उठाने पर सम्मन जारी किया गया है :-0 और दूसरा सम्मन डायरी के ऐसे पन्नो को साझा करने पर|

    उस दिन कहीं उलझा हुआ था....

    ReplyDelete
  4. साफ़ पानी की सतह पर जिंदगी की विषमताओं को पारदर्शी करते अंश ... निस्तब्ध अन्धेरा, भय और दफ़न उम्मीदें... फिर भी डायरी के पन्ने पलटने को अगुलियां मचलती हैं...

    ReplyDelete
  5. पेड़ के ताने का महिला की छाती से कोई लिंक समझ नहीं आया..??

    ReplyDelete
  6. @ गौतम जी,
    और रात्रि बारह बजकर बीस मिनट पर आपसे बात हुई :)


    @ भाई कुश,
    पेड़ों के तने बारिश में भीग कर पुष्ट हो जाते हैं, विशेष कर अगर नीम के पेड़ को देखें तो उसकी हर दरार पानी में फूल कर सूजी हुई- सी हो जाती है. ये लिंक वहीँ से लगाया हुआ है.

    ReplyDelete

Post a Comment

Post a 'Comment'

Popular posts from this blog

कुछ खयाल

चाय के कप से भाप उठ रही है। एक गर्म गर्म तरल मिश्रण जो अभी अभी केतली से उतार कर इस कप में छानी गई है, यह एक प्रतीक्षा है, अकुलाहट है और मिलन भी। गले लगने से ठीक पहले की कसमसाहट। वे बातें जो कई गुनाहों को पीछे छोड़ कर भी हम कर जाते हैं। हमारे हस्ताक्षर हमेशा अस्पष्ट होते हैं जिन्हें हर कोई नहीं पढ़ सकता। जो इक्के दुक्के पढ़ सकते हैं वे जानते हैं कि हम उम्र और इस सामान्य जीवन से परे हैं। कई जगहों पर हम छूट गए हुए होते हैं। दरअसल हम कहीं कोई सामान नहीं भूलते, सामान की शक्ल में अपनी कुछ पहचान छोड़ आते हैं। इस रूप में हम न जाने कितनी बार और कहां कहां छूटते हैं। इन्हीं छूटी हुई चीज़ों के बारे में जब हम याद करते हैं तो हमें एक फीका सा बेस्वाद अफसोस हमें हर बार संघनित कर जाता है। तब हमें हमारी उम्र याद आती है। गांव का एक कमरे की याद आती है और हमारा रूप उसी कमरे की दीवार सा लगता है, जिस कमरे में बार बार चूल्हा जला है और दीवारों के माथे पर धुंए की हल्की काली परत फैल फैल कर और फैल गई है। कहीं कहीं एक सामान से दूसरे सामान के बीच मकड़ी का महीन महीन जाला भी दिखता है जो इसी ख्याल की तरह रह रह की हिलता हुआ...

मूक सिनेमा का दौर

दादा साहब फालके की फिल्में की सफलता को देखकर कुछ अन्य रचनात्मक कलाकारों में भी हलचल मचने लगी थी। 1913 से 1918 तक फिल्म निर्माण सम्बंधी गतिविधियां   महाराष्ट्र   तक ही सीमित थी। इसी दौरान कलकत्ता में   हीरालाल सेन और जमशेद जी मदन   भी फिल्म निर्माण में सक्रिय हुए। फालके की फिल्में जमशेद जी मदन के स्वामित्व वाले सिनेमाघरों में   प्रदर्शित   होकर खूब कमाई कर रही थीं। इसलिए जमशेद जी मदन इस उधेड़बुन में थे कि किस प्रकार वे फिल्में बनाकर अपने ही थिएटरों में   प्रदर्शित   करें। 1919 में जमशेदजी मदन को कामयाबी मिली जब उनके द्वारा निर्मित और रूस्तमजी धेतीवाला द्वारा   निर्देशित   फिल्म ' बिल्म मंगल '   तैयार हुई। बंगाल की पूरी लम्बाई की इस पहली कथा फिल्म का पहला   प्रदर्शन   नवम्बर , 1919 में हुआ।   जमदेश जी मदन ( 1856-1923) को भारत में व्यावसायिक सिनेमा की नींव रखने का श्रेय दिया जाता है।   वे एलफिंस्टन नाटक मण्डली के नाटकों में अभिनय करते थे और बाद में उन्होंने सिनेमाघर निर्माण की तरफ रूख किया। 1907 में उन्होंने  ...

विलंबित ताल

हर ताल विलंबित है। हर कदम लेट है। कदम के रूप में एक पैर उठता है तो दूसरी ज़मीन पर रखने की दर लेट है। पेड़ों के पत्ते एक बार जब झूम कर बांए से दाएं जाते हैं तो उनका फिर से दांए से बांयी ओर जाना लेट है। आदमी घर से निकलने वाला था पर लेट है। स्टेशन से गाड़ी खुलने में लेट है। बहुत मामले रूके पड़े हैं और उनपर कार्यवाई लेट है। दफ्तर में टेबल से फाइलों का सरकना रूका है। चमत्कार होना रूका हुआ है। प्रेम होना तक मुल्तवी है। की जा रही प्रतीक्षा भी होल्ड पर है। बारिश रूकी हुई है। जाम से शहर रूका हुआ है। गाए जाने वाला गीत भी जुबां पर रूका है। किसी से कुछ कहना रूका है। किसी से झगड़ लेने की इच्छा रूकी है। किसी के लिए गाली भी हलक में रूकी हुई है। बाप से बहस करना रूक गया है। मां को घर छोड़कर भाग जाने की धमकी भी पिछले कुछ महीनों से नहीं दी गई है। लिखना रूका है। पढ़ना ठप्प है। जीना रूका पड़ा है। पेड़ों पर के पत्ते रूके हुए हैं। आसमान में चांद रूक गया है। किसी का फोन पर हैलो बोलकर रूकना, रूक गया है। कुछ हो रहा है तो उसका एहसास होना रूक गया है। सिगरेट जल्दी खत्म होना रूक गया है। बारिश अपने ब...