Skip to main content

एक दृश्य !!!!!




रवि भरपूर नींद सो कर उठा है. बीती रात वो बहुत तनाव में सोया था, ढेर सारी बातें अपने मन में लिए. उसे उम्मीद थी की आज उसे नींद नहीं आएगी... यों वो पहले एक आध फिल्म देख कर सोना चाहता था पर ऐसा हो ना सका... रात ग्यारह बजे से सुबह के दस बजे तक सोता रहा. उठते ही पिछली रात को याद किया... उफ्फ्फ्फ़ पूरे ग्यारह घंटे....

लेकिन अब एक अजीब शांति है. मन में कोई बात नहीं और किसी चीज़ को वो ना सोच काफी चुप-चुप सा अच्छा महसूस कर रहा है.

उसने फैसला किया है आज कोई काम नहीं करेगा... वो टहलने मरीन ड्राइव पर निकल जाता है.

घडी की सुइयों की आवाज़ उसे अभी भी सुनाई दे रही है. लग रहा है उसने अपनी जिंदगी को दो हिस्सों में बाँट दिया है. एक, आज का दिन जो शांत है, निर्विकार है और जिसे योगीजन परम ध्यानमग्न अवस्था का नाम देते हैं और एक भीड़-भाड़ और शोर-गुल वाली आम दिन वाली जिंदगी.

शाम होने को आई पर उसके ब्रह्मांड में एक शून्य घूम रहा है, नहीं, आज तो पछताने की भी मूड में नहीं है. वो अभी तक एकांत में ही है... लगता है यह बादल आज बरसेंगे. वो नंगे पांव पत्थरों पर चलते-चलते काफी दूर चला आया है. अंधरे में सारी धरती हिल रही है. प्रकृति का यह रूप देखकर वो विह्वल है. आज अपने चाल में उसने वो उछाल भी नहीं दी है. आहट में ना कोई अर्थ भी नहीं. मंथर चाल से बस ... चला जा रहा है.

जिंदगी का यह कोना कितना अच्छा है. ओह ! मैं इसे कोना क्यों कह रहा हूँ यहाँ तो विशालता है. आज जब इसके करीब जा रहा हूँ तो लग रहा है यह मुझे लील ही लेगा. ढेर सारे दृश्य रवि के दिमाग में आने लगे जैसे हिमालय पर संस्कृत भाषा में कोई समूह गान हो रहा हो. वह चाहता है सतयुग में चला जाये, पेड़, पौधों व नदियों को वो कोई नया संबोधन दे.

बहुत सोचकर वो धीरे से पुकारता है प्रिये !

बलखाया दरिया तमाम गुबार लिए उमड़ पड़ता है.


शोर्ट फ्रीज़ हो जाता है.

प्रस्तुतकर्ता सागर पर Thursday, March 11, 2010

Comments

  1. बेहतरीन प्रवाह..उम्दा भाव!

    ReplyDelete
  2. गुलज़ार की नज़्म याद आती है .बुड बुड करता बुढ्ढा दरिया ..........पार्ट एक.........पार्ट.दो

    ReplyDelete
  3. नये शोर्ट में क्या होगा नहीं मालूम,पर सतयुग में जाने की बात भली भली सी लगी.

    ReplyDelete
  4. समंदर से कोई भूल हुयी है, रूठे हुए को मनाने के लिए एक लहर आगे बढाता है तो दो पीछे खींच लेता है...सदियों से समंदर उसका इंतज़ार कर रहा है...खफा हुए प्रियतम का...कि वो पुकार ले...लौट आये.

    --------------

    बहुत सोचकर वो धीरे से पुकारता है – प्रिये !

    बलखाया दरिया तमाम गुबार लिए उमड़ पड़ता है.

    ReplyDelete
  5. This comment has been removed by the author.

    ReplyDelete
  6. ह्म्म..मगध मे कमी नही है ’बेचारों’ की..
    मरीन ड्राइव पर ’विक्टोरिया के इक्के’ ड्राइव करते हुए अनायास वैचारिक खुजली के परिणामतः ध्यान बँट जाना स्वाभाविक है..!!;-)

    ReplyDelete
  7. आहट में ना कोई अर्थ भी नहीं में से ना या भी नहीं हटा दें.


    हिमालय पर संस्कृत भाषा में कोई समूह गान हो रहा हो.

    कमाल का बिम्ब.
    एक बात (अप्रासंगिक) याद हो आई. कॉमन वेल्थ के लिए जब मशाल ला रहे थे इंडिया...
    इंग्लैंड में अँगरेज़ के बच्चे (जो खुद भी अँगरेज़ ही थे अपने माँ बाप की तरह) सरस्वस्ती वंदन कर रहे थे, संस्कृत में !
    जो शायद हिमालय के अलावा भारत में भी कई और जगह भी बोली जाती है. क्यूँ कभी कभी थोपी चीज़ें अच्छी लगती हैं? जैसे मडोना का साडी पहनना ?

    ReplyDelete
  8. प्रिये !

    एक शे'र बदलना चाहता हूँ : कौन कहता है की ज्वार बुलाने से नहीं आते , एक नाम तो तबियत से उछालो यारों

    ReplyDelete
  9. "ढेर सारे दृश्य रवि के दिमाग में आने लगे जैसे हिमालय पर संस्कृत भाषा में कोई समूह गान हो रहा हो. वह चाहता है सतयुग में चला जाये, पेड़, पौधों व नदियों को वो कोई नया संबोधन दे."
    यह दो पंक्तियां पढ़कर एक दूसरा चेहरा बन रहा है आपका ! कई दिनों से कुछ भी न लिख-पढ़ सकने की परेशानियां ऐसी ही प्रविष्टियां लील लेती हैं !
    आभार ।

    ReplyDelete

Post a Comment

Post a 'Comment'

Popular posts from this blog

कुछ खयाल

चाय के कप से भाप उठ रही है। एक गर्म गर्म तरल मिश्रण जो अभी अभी केतली से उतार कर इस कप में छानी गई है, यह एक प्रतीक्षा है, अकुलाहट है और मिलन भी। गले लगने से ठीक पहले की कसमसाहट। वे बातें जो कई गुनाहों को पीछे छोड़ कर भी हम कर जाते हैं। हमारे हस्ताक्षर हमेशा अस्पष्ट होते हैं जिन्हें हर कोई नहीं पढ़ सकता। जो इक्के दुक्के पढ़ सकते हैं वे जानते हैं कि हम उम्र और इस सामान्य जीवन से परे हैं। कई जगहों पर हम छूट गए हुए होते हैं। दरअसल हम कहीं कोई सामान नहीं भूलते, सामान की शक्ल में अपनी कुछ पहचान छोड़ आते हैं। इस रूप में हम न जाने कितनी बार और कहां कहां छूटते हैं। इन्हीं छूटी हुई चीज़ों के बारे में जब हम याद करते हैं तो हमें एक फीका सा बेस्वाद अफसोस हमें हर बार संघनित कर जाता है। तब हमें हमारी उम्र याद आती है। गांव का एक कमरे की याद आती है और हमारा रूप उसी कमरे की दीवार सा लगता है, जिस कमरे में बार बार चूल्हा जला है और दीवारों के माथे पर धुंए की हल्की काली परत फैल फैल कर और फैल गई है। कहीं कहीं एक सामान से दूसरे सामान के बीच मकड़ी का महीन महीन जाला भी दिखता है जो इसी ख्याल की तरह रह रह की हिलता हुआ...

विलंबित ताल

हर ताल विलंबित है। हर कदम लेट है। कदम के रूप में एक पैर उठता है तो दूसरी ज़मीन पर रखने की दर लेट है। पेड़ों के पत्ते एक बार जब झूम कर बांए से दाएं जाते हैं तो उनका फिर से दांए से बांयी ओर जाना लेट है। आदमी घर से निकलने वाला था पर लेट है। स्टेशन से गाड़ी खुलने में लेट है। बहुत मामले रूके पड़े हैं और उनपर कार्यवाई लेट है। दफ्तर में टेबल से फाइलों का सरकना रूका है। चमत्कार होना रूका हुआ है। प्रेम होना तक मुल्तवी है। की जा रही प्रतीक्षा भी होल्ड पर है। बारिश रूकी हुई है। जाम से शहर रूका हुआ है। गाए जाने वाला गीत भी जुबां पर रूका है। किसी से कुछ कहना रूका है। किसी से झगड़ लेने की इच्छा रूकी है। किसी के लिए गाली भी हलक में रूकी हुई है। बाप से बहस करना रूक गया है। मां को घर छोड़कर भाग जाने की धमकी भी पिछले कुछ महीनों से नहीं दी गई है। लिखना रूका है। पढ़ना ठप्प है। जीना रूका पड़ा है। पेड़ों पर के पत्ते रूके हुए हैं। आसमान में चांद रूक गया है। किसी का फोन पर हैलो बोलकर रूकना, रूक गया है। कुछ हो रहा है तो उसका एहसास होना रूक गया है। सिगरेट जल्दी खत्म होना रूक गया है। बारिश अपने ब...

आँखों में कैद चंद मंज़र

दृश्य -1 एग्जामिनेशन होल में, किसी सवाल का जवाब सोचते हुए कनपटी से पसीने की एक धारा फूटती है... टप! कान के नीचे गिरती है. सवाल बदल जाता है. "गर्मी से निकली पसीने की बूँद ठंढी क्यों होती हैं?" दृश्य -2 बेरोजगारों ने बेंचों पर मां-बहन की गालियाँ लिख कर खुन्नस निकाली है... गिनता हूँ 1-2-3-4-... उफ्फ्फ ! अनगिनत हैं दोनों तरफ... बाहर गांधी मैदान में, 'बहन जी' की रैली है... हर खम्भे पर हाथी है. दृश्य -3 "तुम्हारी कंवारी पीठ पर के रोयें हिरन जैसे सुनहरे हैं" अगली बेंच पर बैठी श्वेता को जब मैं यह कहता हूँ तो वो दुपट्टे का पर्दा दोनों कांधों पर खींच लेती है. कभी फुर्सत में तुम्हें  "एक सौ सोलह चाँद की रातें, एक तुम्हारे काँधे का तिल" का मतलब समझाऊंगा... मैं सोचता हूँ. दृश्य -4 बाहर निकलता हूँ...आसमान में मटमैले बादल छाए हैं... गंगा शहरवालों से उकताकर तीन किलोमीटर पीछे चली गयी है. मैंने इतनी परती ज़मीन बरसों बाद देखी है... मुझे गुमां होता है कि मैं राजा अशोक हूँ और हवा मेरे कान में कहती है " बादशाह! यह पाटलिपुत्र की सरज़मीन आपकी हुकूमत का हिस्...