Skip to main content

छज्जे-छज्जे बारिश से बचता लंगड़ा जानवर




लड़का दुनिया भर की बातें किया करता। कहता - तुम्हें सांवला होना चाहिए था ताकि तुम्हारे पैर की चांदी की पायल ज्यादा चमकती। यूं गोरे पैरों में उजला रंग ज्यादा नहीं जंचता। कभी मोटे मोटे मासूम गालों में चिकोटी काट कर बच्चों को दुलराती हुई आवाज़ में कहता - थोड़ा और खूबसूरत नहीं होना था। और जब यह कहकर अपना मुंह उसके गाल के पास ले जाता तो जीभ पर थोड़ा सा नमकीन पानी आ जाता। यह कहां संभव था उसका खूबसूरत दिल दुनिया को दिखाया जाता लेकिन लोग थे कि हैरान थे कि साले को उसमें आखिर ऐसा क्या दिखा जो उससे जी लगाए बैठा है!

अक्सर दोनों दूर तक घूम आते। ज्यादातर पहाडि़यों पर जाना होता। मुंह से भाप निकलते हुए एक दूसरे को देखना एक अजब सा सकून देता। अकेलापन पूरा भी था और अधुरा भी। प्रेमी प्यार करने के बाद वैसे भी अपना अधूरापन हर जगह साथ लिए चलते हैं। पहाड़ पर ही क्यों? तो इसका बड़ा साहित्यिक सा जवाब है कि वहां सदाएं गूंजती हैं और इश्क में गहरे उतरे हुए पर दूर-दूर रहते हुए जैसे प्रेमी नदी, झरना, परबत, फूल, तितली, जूगनू, रंग, मौसम, समंदर आदि से भी दिल लगा बैठते हैं कुछ उसी एहसास लिए पहाड़ पर जाते।  

लड़की अपने साथ रेडीमेड चाय की पत्तियां रख लेती, लकड़ी खोजना कठिन ना था। लड़का किसी चरवाहे से दोस्ती गांठता, प्यार के दो मीठे बोल बोलता, बकरियों की एक टोली को थोड़ी दूर तक चरा लाता। बदले में चरवाहा एक बकरी के एक वक्त का दूध खुशी-खुशी दे देता।

दोनों चाय पीते। कुछ बोलते, ज्यादा गुनते। बीच-बीच में एक लम्बी चुप्पी आ जाती। थोड़ी देर बाद दोनों खुद में ही असहज महसूस करते। इधर उधर गर्दन घुमाते और कोई नई बात कहने की सोचते। जो कहना होता सामने वाले को पहले से पता होता और कुछ मिला कर एक ऐसा माहौल बनता जैसे कोई बहुत बोरिंग सी नाटक देख रहे हों और अगला अब क्या करेगा और कौन सा संवाद होगा पूरा स्क्रीप्ट हमारे दिमाग में सहेजा हुआ होता है।

कई बारी ऐसा भी होता कि एक-दूसरे को देख दोनों दिल ही दिल में पछताते कि काश प्यार नहीं हुआ होता तो ऐसा बुरा हाल भी नहीं हुआ होता। क्षण भर बाद ही फिर अपराधबोध उभर आता। उसे मिटाने के लिए किसी बहाने से एक दूसरे का हाथ पकड़ लेते। बात कुछ और करते पर दिल ही दिल में माफी मांगते और पछताते। कहीं से यह प्रतिज्ञा भी करते कि अब और ज्यादा टूट कर प्यार करेंगे।

कुछ हादसे हो चुके थे, कुछ होने वाले थे। जो हो चुके थे वो झेले जा चुके थे जो होने वाले थे उसका इल्म दोनों को था। इस ख्याल ने भीतर ही भीतर ऐसा उत्पात मचा रखा था कि 22-23 साल का प्यार 28-29 में तब्दील हो गया था। यह थका देने वाला था। पेट का दर्द अभी मीठा भी नहीं हुआ था कि परिपक्व हो गया। बातों में फिलोसफी गिरने लगे। सिगरेट का कश लंबा खींच कर देर में छोड़ा जाता। कई बार इतनी देर हो जाती कि लगता धुंआ अब बाहर नहीं आएगा।

पहाड़ों पर सांझ ठहर जाती। पेट में पड़ा कंकड़ बढ़ कर पत्थर का रूप लेने लगता। कई बार ढ़लते-ढलते सूरज भी रूक जाता अब आलम यह था कोई कुछ कहता तो अपने कहे को उसी तान पर सुनने की कोशिश करता और सामने होने के बावजूद आवाज़ उस तक देर में पहुंचती। कहने वाला देखता कि हवा की तरंगों पर वो जा रही है आवाज़, एक कदम, दो कदम..... अब उसके कान तक पहुंची, समाई, वो अब उसके मस्तिष्क में हरकत हुई और अब लड़की को समझ में आई और अब उसकी प्रतिक्रिया होने वाली है।

सांझ के सन्नाटे साथ देते। आंखें फाड़कर देखा जाता तो कहीं-कहीं ही सही झाडि़यों का झुरमुट ज्यादा अंधेरे में डूबा लगता। कितनी तो टोकरी अंधियारे की रखी हुई लगती। पलकें देर से झपकायी जाती और अंधेरा प्याला दर प्याला दिल में उतरने लगता।

हादसों ने हमें बताया कि तुम्हारा रूतबा किस कदर अहम था।


Comments

  1. एक-दूसरे को देख दोनों दिल ही दिल में पछताते कि काश प्यार नहीं हुआ होता तो ऐसा बुरा हाल भी नहीं हुआ होता। क्षण भर बाद ही फिर अपराधबोध उभर आता। उसे मिटाने के लिए किसी बहाने से एक दूसरे का हाथ पकड़ लेते। बात कुछ और करते पर दिल ही दिल में माफी मांगते और पछताते।

    :)

    ReplyDelete
  2. Likhte to bahut sundar hain aap.lekin is baar ant kuchh adhoora-sa laga!

    ReplyDelete
  3. ये शब्दों के रेशमी ताने बाने के बीच जो अप्रत्यक्ष सी कुछ गांठे भी बुन दी हैं आपने राइटर साहब उन्हें सुलझाने (समझने) की कोशिश में दो बार पढ़ ली पोस्ट और निष्कर्ष ये निकला कि गाना बहुत ख़ूबसूरत है :)

    ReplyDelete
  4. हादसों ने हमें बताया कि तुम्हारा रूतबा किस कदर अहम था।

    कभी न भूलेगा यह।

    ReplyDelete
  5. हादसों ने हमें बताया कि तुम्हारा रूतबा किस कदर अहम था।

    कभी न भूलेगा यह......hum bhi na bhoolenge ye.....

    sadar.

    ReplyDelete
  6. पहली लाइन तो खैर उम्दा है ही.. पर मुझे धुंए का देर तक अंदर रहना अच्छा लगा..

    प्यार जीवन भर नहीं चलता ये भी सच है..

    ReplyDelete
  7. उफ़ फिर वही मर्ज़ ...दिल की बीमारी बेहद आकर्षक अंदाज़ में लिखा है पहला पैरा ख़ास पसंद आया

    ReplyDelete
  8. उम्र अभी ज्यादा नहीं हुई तुम्हारी ....पर दुनिया को देख समझने लगे हो ठाकुर !
    love title

    ReplyDelete

Post a Comment

Post a 'Comment'

Popular posts from this blog

कुछ खयाल

चाय के कप से भाप उठ रही है। एक गर्म गर्म तरल मिश्रण जो अभी अभी केतली से उतार कर इस कप में छानी गई है, यह एक प्रतीक्षा है, अकुलाहट है और मिलन भी। गले लगने से ठीक पहले की कसमसाहट। वे बातें जो कई गुनाहों को पीछे छोड़ कर भी हम कर जाते हैं। हमारे हस्ताक्षर हमेशा अस्पष्ट होते हैं जिन्हें हर कोई नहीं पढ़ सकता। जो इक्के दुक्के पढ़ सकते हैं वे जानते हैं कि हम उम्र और इस सामान्य जीवन से परे हैं। कई जगहों पर हम छूट गए हुए होते हैं। दरअसल हम कहीं कोई सामान नहीं भूलते, सामान की शक्ल में अपनी कुछ पहचान छोड़ आते हैं। इस रूप में हम न जाने कितनी बार और कहां कहां छूटते हैं। इन्हीं छूटी हुई चीज़ों के बारे में जब हम याद करते हैं तो हमें एक फीका सा बेस्वाद अफसोस हमें हर बार संघनित कर जाता है। तब हमें हमारी उम्र याद आती है। गांव का एक कमरे की याद आती है और हमारा रूप उसी कमरे की दीवार सा लगता है, जिस कमरे में बार बार चूल्हा जला है और दीवारों के माथे पर धुंए की हल्की काली परत फैल फैल कर और फैल गई है। कहीं कहीं एक सामान से दूसरे सामान के बीच मकड़ी का महीन महीन जाला भी दिखता है जो इसी ख्याल की तरह रह रह की हिलता हुआ...

विलंबित ताल

हर ताल विलंबित है। हर कदम लेट है। कदम के रूप में एक पैर उठता है तो दूसरी ज़मीन पर रखने की दर लेट है। पेड़ों के पत्ते एक बार जब झूम कर बांए से दाएं जाते हैं तो उनका फिर से दांए से बांयी ओर जाना लेट है। आदमी घर से निकलने वाला था पर लेट है। स्टेशन से गाड़ी खुलने में लेट है। बहुत मामले रूके पड़े हैं और उनपर कार्यवाई लेट है। दफ्तर में टेबल से फाइलों का सरकना रूका है। चमत्कार होना रूका हुआ है। प्रेम होना तक मुल्तवी है। की जा रही प्रतीक्षा भी होल्ड पर है। बारिश रूकी हुई है। जाम से शहर रूका हुआ है। गाए जाने वाला गीत भी जुबां पर रूका है। किसी से कुछ कहना रूका है। किसी से झगड़ लेने की इच्छा रूकी है। किसी के लिए गाली भी हलक में रूकी हुई है। बाप से बहस करना रूक गया है। मां को घर छोड़कर भाग जाने की धमकी भी पिछले कुछ महीनों से नहीं दी गई है। लिखना रूका है। पढ़ना ठप्प है। जीना रूका पड़ा है। पेड़ों पर के पत्ते रूके हुए हैं। आसमान में चांद रूक गया है। किसी का फोन पर हैलो बोलकर रूकना, रूक गया है। कुछ हो रहा है तो उसका एहसास होना रूक गया है। सिगरेट जल्दी खत्म होना रूक गया है। बारिश अपने ब...

आँखों में कैद चंद मंज़र

दृश्य -1 एग्जामिनेशन होल में, किसी सवाल का जवाब सोचते हुए कनपटी से पसीने की एक धारा फूटती है... टप! कान के नीचे गिरती है. सवाल बदल जाता है. "गर्मी से निकली पसीने की बूँद ठंढी क्यों होती हैं?" दृश्य -2 बेरोजगारों ने बेंचों पर मां-बहन की गालियाँ लिख कर खुन्नस निकाली है... गिनता हूँ 1-2-3-4-... उफ्फ्फ ! अनगिनत हैं दोनों तरफ... बाहर गांधी मैदान में, 'बहन जी' की रैली है... हर खम्भे पर हाथी है. दृश्य -3 "तुम्हारी कंवारी पीठ पर के रोयें हिरन जैसे सुनहरे हैं" अगली बेंच पर बैठी श्वेता को जब मैं यह कहता हूँ तो वो दुपट्टे का पर्दा दोनों कांधों पर खींच लेती है. कभी फुर्सत में तुम्हें  "एक सौ सोलह चाँद की रातें, एक तुम्हारे काँधे का तिल" का मतलब समझाऊंगा... मैं सोचता हूँ. दृश्य -4 बाहर निकलता हूँ...आसमान में मटमैले बादल छाए हैं... गंगा शहरवालों से उकताकर तीन किलोमीटर पीछे चली गयी है. मैंने इतनी परती ज़मीन बरसों बाद देखी है... मुझे गुमां होता है कि मैं राजा अशोक हूँ और हवा मेरे कान में कहती है " बादशाह! यह पाटलिपुत्र की सरज़मीन आपकी हुकूमत का हिस्...